रौनक, उमंग और अमन जीविका सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
रौनक, उमंग और अमन जीविका सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा आयोजित


किशनगंज, 09 सितंबर (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सामुदायिक संगठनों को मजबूत करने के उद्देश्य से दिघलबैंक प्रखंड के रौनक, बहादुरगंज के उमंग और पोठिया स्थित अमन जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान समितियों की ओर से किए गए कार्यों और गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की सदस्य जीविका दीदियों ने वर्षभर की उपलब्धियों और कार्यों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना और लक्ष्यों पर भी चर्चा की गई। सदस्यों से बेहतर कार्य के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने कहा कि स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और संकुल संघ से जुड़कर जिले की महिलाएं रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। जीविका के सामुदायिक संगठनों से पूंजीगत सहयोग प्राप्त कर महिलाएं अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार रोजगार के साधन विकसित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक प्रगति से परिवार में खुशहाली के साथ समाज में उनका सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आमसभा में सालभर उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया।

जीविका से जुड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से प्रगति करने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। मौके पर दिघलबैंक बीपीएम श्रुति कुमारी, बहादुरगंज बीपीएम अभिनव कुमार, पोठिया प्रभारी बीपीएम बिनोद कुमार सहित प्रबंधक गिरीश कुमार दास, युवा पेशेवर अक्षय कुमार व मिराज, प्रशिक्षण अधिकारी श्रीति दास, क्षेत्रीय समन्वयक अंसार अहमद, कोनिका कुमारी समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story