अन्नकूट महोत्सव में भगवान को लगाया गया भोग,श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित

WhatsApp Channel Join Now
अन्नकूट महोत्सव में भगवान को लगाया गया भोग,श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित


अररिया 10 नवम्बर(हि.स.)।

गोवर्धन पूजा के पर मंगलवार को फारबिसगंज के श्रीलक्ष्मी नारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीलक्ष्मी नारायण को विभिन्न प्रकार के पकवानों और व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने और भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।

अन्नकूट महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई की गई थी। वहीं, मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान के समक्ष विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग सजाया गया, जिसे देखने के लिए भी श्रद्धालुओं में उत्सुकता रही। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

मंदिर के व्यवस्थापक सह संयोजक पवन शर्मा एवं पुजारी पंडित अभिषेक दुबे ने बताया कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट महोत्सव की परंपरा के तहत भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। इसके बाद प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है।

महोत्सव के आयोजन में पवन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, भीम अग्रवाल, अमित भूपाल, पंडित अनिल पांडेय, शिबू अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story