बीपीएससी 70वीं परीक्षा में किशनगंज की बहू अंजलि बनी एसडीएम

WhatsApp Channel Join Now
बीपीएससी 70वीं परीक्षा में किशनगंज की बहू अंजलि बनी एसडीएम


किशनगंज, 26 जून (हि.स.)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में किशनगंज की बहू अंजलि कुमारी ने शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे राज्य में 223वीं रैंक प्राप्त की है।

इस उपलब्धि के साथ उनका चयन अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के पद पर हुआ है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। अंजलि कुमारी शहर के रुईधासा निवासी सुरेंद्र चौरसिया की बहू एवं मंथन चौरसिया की पत्नी हैं।

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद पहली बार किशनगंज पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया।इस दौरान पूरे इलाके में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। अपनी सफलता पर अंजलि कुमारी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, पति और ससुराल परिवार को दिया।

उन्होंने कहा कि विवाह के बाद एक बहू के रूप में पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना आसान नहीं था। हालांकि परिवार के निरंतर सहयोग, विश्वास और अपने दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल किया। उन्होंने कहा कि किशनगंज के लोगों से मिले स्नेह और सम्मान ने उनकी जिम्मेदारियों को और बढ़ा दिया है। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उनकी प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जनता की सेवा करना होगी।

अंजलि की इस उपलब्धि पर उनके ससुर सुरेंद्र चौरसिया, पति मंथन चौरसिया सहित पूरे परिवार ने गर्व व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि अंजलि की मेहनत, अनुशासन और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। स्थानीय लोगों ने भी अंजलि की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे किशनगंज जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि उन बेटियों और बहुओं के लिए प्रेरणादायी है, जो विवाह के बाद भी अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं। अंजलि की सफलता से जिले के युवाओं में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story