आक्रोशित शिक्षक ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
आक्रोशित शिक्षक ने काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध


सारण, 10 अप्रैल (हि.स.)। जयप्रकाश महिला महाविद्यालय की प्राध्यापिकाओं एवं शिक्षकों ने अपनी परीक्षा ड्यूटी के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं होने से नाराज होकर आज महाविद्यालय परिसर में काला बिल्ला लगा विरोध प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शिक्षकों ने बताया कि पिछले छह बार की परीक्षा ड्यूटी का पारिश्रमिक अब तक उन्हें नहीं मिला है। शिक्षकों में इस बात को लेकर गहरा असंतोष है कि विश्वविद्यालय द्वारा संबंधित राशि कई महीने पहले ही महाविद्यालय को उपलब्ध करा दी गई है, फिर भी स्थानीय प्रशासन द्वारा इसका वितरण नहीं किया जा रहा है।

शिक्षक संघ की अध्यक्ष डॉ रेखा श्रीवास्तव एवं सचिव डॉ सोनाली सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि इस मुद्दे पर पूर्व में कई बार प्राचार्य से मौखिक वार्ता की गई और संघ के माध्यम से पत्राचार भी किया गया, लेकिन परिणाम शून्य रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही लंबित भुगतान नहीं किया गया तो शिक्षक चुप नहीं बैठेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन के उपरांत शिक्षकों ने महाविद्यालय की प्राचार्या को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि भुगतान नहीं हुआ तो आगामी 15 अप्रैल से शुरू होने वाली सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में वे ड्यूटी नहीं करेंगे। जब तक लंबित राशि का भुगतान बैंक खातों में नहीं हो जाता, तब तक शिक्षक सभी परीक्षा संबंधी कार्यों से पूरी तरह दूरी बनाए रखेंगे।

प्राध्यापकों का कहना है कि बार-बार आग्रह के बावजूद भुगतान को रोके रखना उनके साथ सरासर अन्याय है। अब देखना यह होगा कि महाविद्यालय प्रशासन इस गतिरोध को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story