आंगनबाड़ी केंद्र पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सुपौल, 14 अगस्त (हि.स.)। राघोपुर प्रखंड की मोतीपुर पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 52 बेरदह हरिजन टोला पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी सेविका और उनके पति के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए।
ग्रामीणों का कहना था कि सेविका के स्थान पर उनके पति नवीन लाल दास नियमित रूप से केंद्र का संचालन करते हैं तथा बच्चों के साथ मारपीट भी करते हैं। ग्रामीणों में धनराज सादा, बुलट पासवान, सुखदेव सादा, अमित पासवान, रविंद्र पासवान, अमोलिया देवी, रजिया देवी, कमली देवी, सविता देवी और गुलाबी देवी सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर अधिकांश समय सेविका के पति ही मौजूद रहते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और वंशावली जैसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के नाम पर लाभुकों से राशि की मांग की जाती है।
ग्रामीणों का कहना था कि सरकार की ओर से बच्चों को उपलब्ध कराए गए पोशाक केवल फोटो खिंचवाने के समय पहनाए जाते हैं और बाद में वापस ले लिए जाते हैं। इसके अलावा बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट किए जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की। आरोपों से नाराज ग्रामीण एकजुट होकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और सेविका व उनके पति के खिलाफ विरोध जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उचित कार्रवाई की मांग की।वहीं, आंगनबाड़ी सेविका कविता देवी ने ग्रामीणों के सभी आरोपों को निराधार बताया।
उन्होंने कहा कि उनके पति कभी-कभी कुछ देर के लिए केंद्र पर आते हैं, लेकिन केंद्र का संचालन उनके द्वारा ही किया जाता है। सेविका ने लाभुकों से किसी प्रकार की राशि लेने के आरोप से भी इनकार किया।मामले को लेकर वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

