आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ का आयोजन, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ का आयोजन, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक


कटिहार, 29 सितंबर (हि.स.)। बाल विकास परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों और आम ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं ने उपस्थित महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों के नियमित सेवन, समय पर चिकित्सीय जांच, सही स्तनपान तकनीक तथा शिशुओं के लिए छह माह बाद ऊपरी आहार की महत्ता के बारे में विस्तार से समझाया।

इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के तहत विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। बच्चों को खेल-खेल में सिखाने के लिए बाल गीत, प्रेरक कहानियां एवं रचनात्मक खेलों का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में सीखने की क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिले।

स्थानीय समुदाय ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। सेविकाओं ने परिवारों से माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एकजुट प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सभी गतिविधियों और सहभागियों का विवरण दर्ज करने के साथ ही फोटो व वीडियो संकलन भी किया गया, जिससे 'स्वस्थ मां - स्वस्थ बच्चा' का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story