आंगनबाड़ी केंद्रों का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों को पढ़ाया ककहरा और पहाड़ा

WhatsApp Channel Join Now
आंगनबाड़ी केंद्रों का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों को पढ़ाया ककहरा और पहाड़ा


आंगनबाड़ी केंद्रों का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों को पढ़ाया ककहरा और पहाड़ा


सुपौल, 29 अगस्त (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने शनिवार को सुपौल प्रखंड के बसबिट्टी, चक डुमरिया सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों के संचालन, साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार एवं स्कूल पूर्व शिक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीडीसी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि सभी बच्चों को निर्धारित ड्रेस में केंद्र पर आने के लिए प्रेरित करें। साथ ही निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा केंद्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से एक-एक कर बातचीत की और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों की सीखने की क्षमता परखने के लिए डीडीसी ने उन्हें ककहरा एवं पहाड़ा पढ़ाया तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने स्कूल पूर्व शिक्षा एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

चक डुमरिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीडीसी को बताया गया कि केंद्र का नवनिर्मित भवन तैयार हो चुका है, लेकिन अभी हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इस पर उन्होंने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर सोमवार से किराए के भवन के बजाय नवनिर्मित भवन में ही आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने बच्चों के हित में स्थानीय लोगों से आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए उदारतापूर्वक भूमि दान करने की भी अपील की, ताकि बच्चों को घर के समीप बेहतर वातावरण में स्कूल पूर्व शिक्षा और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल की सुविधा मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story