बेलवा काशीपुर विद्यालय में छात्राओं की एनीमिया व टीबी जांच

WhatsApp Channel Join Now
बेलवा काशीपुर विद्यालय में छात्राओं की एनीमिया व टीबी जांच


किशनगंज, 26 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार की पहल के तहत एनीमिया और टीबी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान एवं रोकथाम को लेकर विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एमएस/यूएमवी बेलवा काशीपुर का चयन कर छात्राओं की स्वास्थ्य जांच और रक्त जांच की गई।स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालय परिसर पहुंची और छात्राओं की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की।

एनीमिया की पहचान के लिए रक्त जांच की गई, जबकि टीबी के संभावित लक्षणों को लेकर भी छात्राओं की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया तथा किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई। किशोरियों में एनीमिया एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य समस्या मानी जाती है। शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होने पर कमजोरी, थकान समेत कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। विद्यालय स्तर पर रक्त जांच से ऐसी समस्या की शुरुआती स्तर पर पहचान संभव हो पाती है। वहीं टीबी स्क्रीनिंग का उद्देश्य संभावित लक्षण वाले मामलों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच और आवश्यक उपचार से जोड़ना है।

विद्यालय की शिक्षिका गुड्डी कुमारी ने कहा कि छात्राओं की एनीमिया एवं टीबी को लेकर की गई स्क्रीनिंग बेहद महत्वपूर्ण पहल है। समय पर जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से छात्राओं में अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। विद्यालय प्रबंधन ने भी स्वास्थ्य जांच अभियान पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय में जांच की सुविधा उपलब्ध होने से छात्राओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति जानने का अवसर मिला है।

स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से विद्यालयों में चलाए जा रहे स्क्रीनिंग अभियान का उद्देश्य बीमारी की पहचान के साथ बच्चों और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। जांच के दौरान किसी संभावित बीमारी की पहचान होने पर संबंधित छात्रा को आगे की चिकित्सकीय सेवा से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय में आयोजित अभियान को छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story