नवगछिया में अनियंत्रित मिनी हाईवा घर में घुसा, मलबे की चपेट में आने से बुजुर्ग घायल

WhatsApp Channel Join Now
नवगछिया में अनियंत्रित मिनी हाईवा घर में घुसा, मलबे की चपेट में आने से बुजुर्ग घायल


भागलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर अर्जुन कॉलेज के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मिनी हाईवा अचानक सड़क किनारे बने एक आवासीय घर की दीवार को तोड़ता हुआ सीधे भीतर जा घुसा।

हादसे के वक्त परिवार के तमाम सदस्य घर के अंदर गहरी नींद में सो रहे थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देर रात वाहन चला रहे मिनी हाईवा चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण तेज रफ्तार गाड़ी पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह खो गया। वाहन की भीषण टक्कर से घर के कमरे में सो रहे साहोड़ा निवासी बुजुर्ग महेंद्र दास मलबे और धक्के की चपेट में आकर घायल हो गए।

टक्कर की जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे के बीच फंसे घायल बुजुर्ग महेंद्र दास को सुरक्षित बाहर निकाला।

गनीमत यह रही कि इस भयानक टक्कर के बावजूद किसी प्रकार का बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770871 Articles

Share this story