अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर रैयाम चीनी मिल में तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर रैयाम चीनी मिल में तैयारी तेज


दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 11 दिसंबर को प्रस्तावित रैयाम दौरे को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रैयाम चीनी मिल परिसर का निरीक्षण किया। 506 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मिल के पुनरुद्धार को लेकर यह दौरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यक्रम स्थल, सभा मंच, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग और वाहनों के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मिल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। आयोजन के दौरान आम लोगों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि रैयाम चीनी मिल कभी इस इलाके की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही है। इसके पुनरुद्धार से मिथिलांचल के गन्ना किसानों को नई उम्मीद मिलेगी। मिल के दोबारा चालू होने से न केवल किसानों को अपनी उपज के लिए स्थानीय बाजार उपलब्ध होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि चीनी मिल का पुनरुद्धार क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देने की क्षमता रखता है।

केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है। वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल के पुनर्जीवन को लेकर लोगों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ी हैं। किसानों को आशा है कि इस पहल से गन्ना आधारित कृषि और उससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान आईपीएल यूनिट हेड नागेंद्र पाल सिंह, केन हेड विनोद तिवारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार, सीओ रणधीर रमण, थानाध्यक्ष रौशन कुमार सहित राजेन्द्र चौपाल, श्रवण मिश्र, स्वपन कुमार मिश्र एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story