अंबेडकर आवासीय विद्यालय में डीएम ने छात्राओं के साथ किया भोजन
सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, पिपरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई समेत छात्राओं से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से साफ-सफाई और पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विद्यालय की कक्षा-9 एवं कक्षा-10 का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं में उपस्थित छात्राओं से कुछ प्रश्न पूछे और उन्हें पढ़ाई से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें बताईं। छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी शैक्षणिक समझ और कक्षा में चल रही पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। कक्षा निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों को अध्यापन के दौरान प्रायोगिक तौर-तरीकों का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विषयों को केवल किताबी तरीके से पढ़ाने के बजाय व्यावहारिक उदाहरणों और गतिविधियों के माध्यम से समझाने से छात्राओं को विषय को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी।
उन्होंने शिक्षकों से अध्यापन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। विद्यालय के मेस के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने भोजन कर रही छात्राओं से पूछा कि उन्हें मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता कैसी लगती है और भोजन को लेकर किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है।
इसके बाद जिलाधिकारी स्वयं छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन की गुणवत्ता का जायजा लेने के बाद उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी, सुपौल को जीविका के माध्यम से विद्यालय परिसर की नियमित रूप से साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने और छात्राओं के लिए साफ-सुथरा वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य और साफ-सफाई के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहने को कहा।
उन्होंने नियमित पढ़ाई के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को भी महत्वपूर्ण बताया। छात्राओं को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, सुपौल, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

