किशनगंज में अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा जुम्मा की नमाज, मस्जिदों में उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में अकीदत के साथ अदा हुई अलविदा जुम्मा की नमाज, मस्जिदों में उमड़ी भीड़


किशनगंज, 20 मार्च (हि.स.)। पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को जिले भर में अलविदा जुम्मा की नमाज अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस मौके पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह से ही लोग नए वस्त्र पहनकर मस्जिदों की ओर जाते नजर आए, जिससे पूरे इलाके में इबादत का माहौल बना रहा। शहर की जामा मस्जिद, बड़ी मस्जिद, चूड़ी पट्टी मस्जिद और पश्चिमपाली मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में नमाज के दौरान नमाजियों की लंबी कतारें देखी गईं। भीड़ को देखते हुए कई स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

नमाज के दौरान इमामों ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने देश और दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। साथ ही समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। नमाज के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुम्मा की मुबारकबाद दी।

वहीं, बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोग खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ पड़े, जहां कपड़े, इत्र, टोपी और सेवइयों की दुकानों पर अच्छी भीड़ रही। इधर, अलविदा जुम्मा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई।

संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story