दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड में आलोक कुमार ने संभाला अंचलाधिकारी का पदभार
दरभंगा, 07 अप्रैल (हि.स.)। दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मंगलवार को आलोक कुमार ने अंचलाधिकारी (सीओ) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने प्रखंड कार्यालय में बीडीओ प्रीति कुमारी तथा अन्य राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पदभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने कठरा के पूर्व मुखिया राजकुमार झा से जुड़े मामले की सुनवाई भी की। इस अवसर पर बीडीओ प्रीति कुमारी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से प्रखंड के राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा लंबित मामलों के निष्पादन में भी गति मिलेगी।
ज्ञात हो कि बिहार में अंचलाधिकारी, राजस्व कर्मचारी और अन्य संबंधित कर्मियों की हड़ताल के कारण सरकारी कार्यों के सुचारु संचालन के लिए सरकार द्वारा पहले सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को अस्थायी रूप से अंचलाधिकारी का प्रभार दिया गया था। हालांकि एक सप्ताह से भी कम समय में प्रशासनिक बदलाव करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आलोक कुमार को तारडीह प्रखंड का अंचलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व वे केवटी प्रखंड में राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि रैयतों के विधिसम्मत अधिकारों की रक्षा, भूमि संबंधी मामलों का पारदर्शी निपटारा तथा राजस्व प्रशासन को प्रभावी बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
नए अंचलाधिकारी के पदभार संभालने से प्रखंड क्षेत्र में भूमि और राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के समाधान को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

