सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में अनियमितता का आरोप, सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री से की जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में अनियमितता का आरोप, सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री से की जांच की मांग


किशनगंज, 30 मई (हि.स.)। किशनगंज सदर अस्पताल में सुरक्षा सेवा के संचालन को लेकर कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस संबंध में सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि अस्पताल में सुरक्षा सेवा उपलब्ध कराने वाली एजेंसी द्वारा वित्तीय एवं प्रशासनिक स्तर पर गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों के वेतन भुगतान, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की कटौती तथा वास्तविक रूप से तैनात कर्मचारियों की संख्या को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सांसद का कहना है कि यदि इन आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो यह न केवल सुरक्षाकर्मियों के अधिकारों का उल्लंघन होगा, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग का भी गंभीर मामला माना जाएगा। अपने पत्र में सांसद ने अस्पताल प्रबंधन और निगरानी से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाया है।

उन्होंने कहा कि यदि कथित अनियमितताएं लंबे समय से जारी थीं, तो इसकी निगरानी और जांच के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इधर, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों और लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मामला सार्वजनिक होने के बाद सदर अस्पताल प्रशासन तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभागों में हलचल बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें प्रस्तावित जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story