आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नहीं खुलने का आरोप, सेविका के बयान पर भी उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नहीं खुलने का आरोप, सेविका के बयान पर भी उठे सवाल


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 11अगस्त(हि.स.)।

बगहा अनुमंडल अंतर्गत बगहा-2 प्रखंड के यमुनापुर-टड़वलिया पंचायत के पटहेरा बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निर्धारित समय पर संचालित नहीं होने का मामला सामने आया है। क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान केंद्र सुबह 9 बजे तक बंद पाया गया।

मामले को लेकर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बगहा-2 को पत्र भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग वाल्मीकिनगर विधान सभा के विधायक प्रतिनिधि शत्रुघ्न कुमार पटेल ने की है।

शिकायत पत्र के अनुसार, निरीक्षण के दौरान केंद्र के निर्धारित समय पर नहीं खुलने से उसके नियमित संचालन पर सवाल खड़े हुए हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी सेविका द्वारा जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि के प्रति कथित रूप से अनुचित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी भी की गई।

बताया गया है कि सेविका ने कहा कि “हमारा संघ जैसा कहेगा, वैसे ही हम लोग करेंगे। हम लोग किसी प्रतिनिधि को नहीं जानते हैं।” इस बयान को विभागीय कार्यों के निरीक्षण और निगरानी में बाधा उत्पन्न करने वाला बताया गया है।

मामले को लेकर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से आंगनबाड़ी केंद्र के नियमित संचालन, सेविका की उपस्थिति तथा केंद्र से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन जरूरी है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ बच्चों और अन्य लाभार्थियों को समय पर मिल सके। अब देखना है कि विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story