आवास सूची में नाम जोड़ने के नाम पर रुपये लेने का आरोप, ग्रामीणों ने वार्ड सदस्य को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
आवास सूची में नाम जोड़ने के नाम पर रुपये लेने का आरोप, ग्रामीणों ने वार्ड सदस्य को घेरा


भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सन्हौला प्रखंड की तैलौंधा पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित धनोखर नया टोला में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। योजना की सूची में नाम जुड़वाने के नाम पर अवैध वसूली से नाराज दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने गांव के ही वार्ड सदस्य राजकुमार मंडल को उनके घर पर घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड सदस्य राजकुमार मंडल ने आवास सूची में नाम शामिल करने के बदले किसी से एक हजार तो किसी से दो हजार रुपये वसूले थे। इसके बावजूद पात्र और जरूरतमंद परिवारों का नाम सूची में नहीं आया। गांव की महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवार आज भी इस योजना के लाभ से वंचित हैं और झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर, कुछ ऐसे रसूखदार घर हैं, जिनके परिवार के तीन से चार सदस्यों के नाम इस सूची में शामिल कर लिए गए हैं। हंगामे के दौरान पीड़ित महिलाएं वार्ड सदस्य से अपने दिए हुए पैसे वापस करने की मांग करने लगीं, जिसे लेकर काफी देर तक गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही। हालांकि, वार्ड सदस्य राजकुमार मंडल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने आवास सूची में नाम शामिल करने के एवज में किसी से कोई पैसा नहीं लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित ग्रामीणों (जिनमें जुती देवी, बसमीता देवी, अजनी कुमारी, सीता देवी, रेसो देवी, ब्यूटी देवी, रामवती देवी, कविता देवी, पुतुल देवी, सुलेखा देवी, ममता देवी, आरती देवी सहित नयन राम, संजय राम, गेनी राम, ओकिल राम, नरसिंह राम, राजू ठाकुर, पांचू ठाकुर, बिपिन यादव, जोगी ठाकुर, मुकेश यादव, मिथुन यादव और गनौरी मंडल आदि शामिल हैं) ने सन्हौला के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से लिखित शिकायत करने का मन बनाया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई हो और अपात्र लोगों के नाम हटाकर वास्तविक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762286 Articles

Share this story