सुखानी बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान बेचने का आरोप, एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 09 सितंबर (हि.स.)।सुखानी थाना क्षेत्र के बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का कथित रूप से दुरुपयोग कर नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का मामला सामने आया है। मामले में कंपनी प्रतिनिधि के आवेदन पर सुखानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधि शीतल कुमार झा को बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 7 सितंबर को वे पुलिस टीम के साथ संबंधित दुकान पर पहुंचे और तलाशी ली। आवेदन में दुकान से विभिन्न ब्रांडों के नाम व मार्का लगे कई सामान बरामद होने का दावा किया गया है।

बरामद सामानों में एंकर प्लग, टॉप 3-पिन, इलेक्ट्रॉनिक एलिमेंट, सोल्डरिंग पेस्ट, आयरन मशीन, आयरन प्रेस का गोल बटन, केबल कवर, आयरन के बैंक/प्लेट पर लगने वाला काला कवर समेत अन्य सामान शामिल बताए गए हैं। इनमें एंकर और प्रेस्टिज समेत अन्य ब्रांडों के कथित नकली मार्का लगे सामान भी शामिल हैं। आवेदन के मुताबिक, दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम बिंदु कुमार, पिता रंजीत राय बताया।

बरामद सामान के संबंध में मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात कही गई है। इसके बाद सामान को जब्त कर दो गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर पुलिस को सौंप दिया गया। बुधवार को सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि मामले में थाना कांड संख्या 54/26 दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी पक्ष का पक्ष जानने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story