बंदोबस्ती की जमीन पर कब्जे का आरोप, एसपी से कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बंदोबस्ती की जमीन पर कब्जे का आरोप, एसपी से कार्रवाई की मांग


किशनगंज, 10 सितंबर (हि.स.)। कोचाधामन थाना क्षेत्र के पाटकोई खुर्द निवासी करीब 65 वर्षीय अकालू लाल हरिजन ने सरकारी बंदोबस्ती की जमीन पर दबंगों द्वारा कथित रूप से कब्जा करने, रंगदारी मांगने, मारपीट एवं धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

आवेदन में अकालू लाल ने बताया है कि बिहार सरकार से बंदोबस्ती के माध्यम से उन्हें मौजा पाटकोई कला, थाना नंबर 21, खाता नंबर 237, बेसरा नंबर 2264 में दो एकड़ जमीन मिली है। उक्त जमीन से उनका परिवार खेती-बाड़ी और जीविकोपार्जन करता है।

आरोप है कि विनोद कुमार, दिलीप कुमार, विकास कुमार, दिलीप, अरुण, सहदेव और कमलेश उर्फ कलस ने कथित रूप से मिलकर जमीन पर बलपूर्वक कब्जा कर लिया और उन्हें वहां से बेदखल कर दिया।

आवेदक का आरोप है कि आरोपित उन्हें जमीन पर जाने और खेती करने नहीं देते हैं। जमीन वापस करने अथवा वहां जाने देने के नाम पर बार-बार रुपये की मांग की जाती है। भय और दबाव में कई बार रुपये देने के बावजूद जमीन वापस नहीं किए जाने की बात आवेदन में कही गई है। साथ ही गाली-गलौज, मारपीट और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नामजद आरोपितों में शामिल दिलीप कुमार ग्रामीण पुलिस चौकीदार के पद पर कार्यरत है और कथित रूप से अपने पद एवं वर्दी का प्रभाव दिखाकर आवेदक और उसके परिवार को धमकाता है।

आवेदक ने उसके विरुद्ध पूर्व में कोचाधामन थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी होने का भी उल्लेख किया है। अकालू लाल ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जमीन के राजस्व अभिलेखों का सत्यापन, कथित अवैध वसूली और मारपीट-धमकी की जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story