आने वाले चार वर्षों में अलीनगर क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा : मैथिली ठाकुर
दरभंगा, 19 जुलाई (हि.स.)।
जिले मे नदियामी पंचायत स्थित राजकीय +2 सीना लाल उच्च विद्यालय परिसर में रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का लोकार्पण समारोह दीप प्रज्ज्वलित कर संपन्न हुआ। समारोह में अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले चार वर्षों में अलीनगर क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं को केवल विधायक नहीं, बल्कि अलीनगर की बेटी और परिवार का सदस्य मानती हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आलोचना रचनात्मक और प्रेरक होनी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक गांव से पांच-पांच ऊर्जावान युवाओं को विकास यात्रा में सहभागी बनने का आग्रह किया।
समारोह की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए विधायक ने चुनाव के दौरान किए गए अपने वादे को दोहराया कि अलीनगर का नाम बदलकर सीतानगर करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में यह क्षेत्र सीतानगर के नाम से अपनी नई पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर कुछ स्थानीय लोगों ने मॉडल स्कूल के लोकार्पण को लेकर यह सवाल भी उठाया कि फिलहाल आधारभूत संरचना में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहे हैं और केवल नामपट्ट बदलने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। हालांकि जानकारों का कहना है कि विद्यालय का लोकार्पण विकास प्रक्रिया की शुरुआत है तथा आगामी चरणों में भवन, आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विद्यालय में अब तक लगभग 40 छात्रों का नामांकन हो चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

