अक्षय नवमी पर आंवला के पेड़ों की हुई पूजा,पेड़ के नीचे बैठकर किया गया प्रसाद ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय नवमी पर आंवला के पेड़ों की हुई पूजा,पेड़ के नीचे बैठकर किया गया प्रसाद ग्रहण


अररिया 18 नवम्बर(हि.स.)। अररिया के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में अक्षय नवमी पर आंवला के पेड़ों की पूजा अर्चना की गई। बुधवार को सार्वजनिक ठाकुरवाड़ी मंदिर में अक्षय नवमी के मौके पर पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

महिलाओं और पुरुषों ने आंवला पेड़ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजा और परिक्रमा की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आंवला पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

अक्षय नवमी पर श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान-ध्यान कर नए कपड़े पहने। इसके बाद मंदिर परिसर में आंवला पेड़ की पूजा की और उसकी परिक्रमा की। सुबह से ही मंदिर परिसर में चहल-पहल बनी रही।

पूजा करने पहुंचीं मोनिका देवी ने बताया कि अक्षय नवमी आस्था और परिवार की खुशहाली से जुड़ा पर्व है। इस दिन आंवला पेड़ की पूजा करने और उसके नीचे प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा है। वह हर साल परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।

वहीं ऋतु कुमारी ने बताया कि अक्षय नवमी पर श्रद्धालु स्नान, ध्यान, पूजा और दान-पुण्य करते हैं। इस दिन कोहरा में विशेष सामग्री रखकर गुप्त दान करने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इससे घर-परिवार में समृद्धि आती है और बच्चों का जीवन सुखमय रहता है।

ठाकुरबाड़ी के महंत कृष्णकांत तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं को पूजा करवाया। उन्होंने बताया कि अक्षय नवमी कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है।

आंवला के पेड़ के नीचे पूजा कर महिलाएं परिवार के सुख,शांति और समृद्धि की कामना करती है। आंवला के पेड़ के नीचे प्रसाद तैयार कर वही बैठकर प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इसके अलावा लोग गुप्त दान भी करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story