पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण को लेकर लौकहा में सम्मेलन आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण को लेकर लौकहा में सम्मेलन आयोजित


सुपौल, 29 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, बिहार के तत्वावधान में रविवार को ‘चलो गांव की ओर’ अभियान के तहत पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन लौकहा पंचायत सरकार भवन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में सुपौल, सहरसा और मधेपुरा जिले से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त सैनिकों के कल्याण, अधिकारों एवं पुनर्वास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों के बीच समन्वय स्थापित करना था। आयोजकों ने कहा कि पूर्व सैनिकों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर सहज और सुगम तरीके से सुनिश्चित करने की जरूरत है।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व सैनिकों के परिचय सत्र से हुई। इसके बाद आयोजक राम-लखन ठाकुर, पूर्व मुखिया एवं परमेश्वर मंडल ने अतिथियों का स्वागत किया। दोपहर में अतिथियों के आगमन के बाद राष्ट्रगान गाया गया। देश के लिए शहादत देने वाले वीर जवानों एवं दिवंगत दिग्गजों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर प्रणव कुमार, डीआईजी आईटीबीपी (सेवानिवृत्त) तथा विशिष्ट अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि पिंटू यादव थे। संरक्षक मेजर डॉ. शशिभूषण प्रसाद, मुखिया सबरी देवी, वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी एवं अनंत लाल यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों के शौर्य, पराक्रम, अनुशासन एवं बलिदान की सराहना करते हुए उनके सम्मान और सामाजिक सहयोग को आवश्यक बताया।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर प्रणव कुमार ने पूर्व सैनिकों के साहस और पराक्रम की सराहना करते हुए अपने-अपने क्षेत्र में समाज की बेहतरी के लिए योगदान देने तथा शासन-प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को प्रत्येक माह आयोजित करने का निर्देश भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story