एकम ऐश्वर्य पूजा सफलतापूर्वक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
एकम ऐश्वर्य पूजा सफलतापूर्वक संपन्न


भागलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में वननेस के तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित एकम ऐश्वर्य पूजा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शहर के सिकंदरपुर पानी टंकी के निकट आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूजा, भक्ति और ध्यान का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां लोगों ने अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख वक्ता आधा दासा जी ने अपने प्रवचन के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने अपने वाणी में कहा कि ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जो परेशान न होता हो। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब पंखा चलता है तो लोगों के बाल उड़ते हैं और जब पंखा बंद हो जाता है तो लोग गर्मी से परेशान हो जाते हैं। यानी हर परिस्थिति में इंसान को किसी न किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है।

मौके पर आधा दासा जी ने राम आएंगे, राम आएंगे भजन भी प्रस्तुत किया जिसे सुनकर पंडाल में बैठे श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में बबली किशोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story