सीवान में आईसा एवं आरवाइए का प्रतिवाद मार्च, 25 जुलाई के बिहार बंद को समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में आईसा एवं आरवाइए का प्रतिवाद मार्च, 25 जुलाई के बिहार बंद को समर्थन


सीवान, 24 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन एवं आरवाईए के तत्वावधान में शहर में प्रतिवाद मार्च निकाला गया।

मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्र हितों की रक्षा की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव जयशंकर पंडित ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, सीपीआई (माले) नेता विकास कुमार यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने बताया कि इन मुद्दों के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया गया है और आम लोगों, छात्रों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से इसमें भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। प्रतिवाद मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सभा में समाप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story