भागलपुर में हवाई सेवा की सुगबुगाहट तेज, एएआई ने सौंपी फीजिबिलिटी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में हवाई सेवा की सुगबुगाहट तेज, एएआई ने सौंपी फीजिबिलिटी रिपोर्ट


भागलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए हवाई सफर का सपना जल्द हकीकत में बदल सकता है। लोकसभा में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न संख्या-65 के जवाब में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने एक बड़ी जानकारी साझा की है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने अप्रैल 2026 में भागलपुर हवाई पट्टी के विस्तार और एटीआर-72 विमानों के संचालन को लेकर अपना व्यवहार्यता सर्वे पूरा कर लिया है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंप दी है। केंद्रीय मंत्री ने संसद में बताया कि केंद्र सरकार ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए 'उड़ान' योजना का नया चरण शुरू किया है। इस चरण के तहत अब राज्य सरकारों से नए हवाई अड्डों के विकास के प्रस्ताव मांगे जाएंगे। जमीन की उपलब्धता, जरूरी बुनियादी ढांचे और सभी तकनीकी मानकों को पूरा किए जाने के आधार पर केंद्र सरकार इस पर अंतिम मुहर लगाएगी। इस ताजा अपडेट से साफ है कि भागलपुर हवाई अड्डे के विकास की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ रही है। एएआई की रिपोर्ट मिलने के बाद अब गेंद बिहार सरकार के पाले में है। राज्य सरकार द्वारा आवश्यक भूमि और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के बाद भागलपुर को आधिकारिक तौर पर 'उड़ान' योजना में शामिल करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

इस सकारात्मक विकास पर खुशी जताते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि यह पूरे अंग क्षेत्र की जनता के लिए बेहद अच्छी खबर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार जल्द से जल्द सभी जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करेगी, जिससे आने वाले समय में भागलपुर से दिल्ली, कोलकाता और पटना जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो सके। भागलपुर जिले के हवाई कनेक्टिविटी मानचित्र में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। जिले में न सिर्फ भागलपुर शहर स्थित हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है, बल्कि सुल्तानगंज में एक नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण की योजना भी है। भविष्य में ये दोनों ही हवाई अड्डे क्षेत्र की जनता को अपनी सेवाएं देंगे, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भारी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story