14 मई को हवाई हमला और ब्लैक-आउट मॉकड्रील की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
14 मई को हवाई हमला और ब्लैक-आउट मॉकड्रील की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा


कटिहार, 13 मई (हि.स.)। आपातकालीन स्थितियों और हवाई हमलों जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारी के उद्देश्य से आगामी 14 मई, गुरुवार को कटिहार में 'ब्लैकआउट मॉकड्रिल' का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने हेतु बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार कक्ष में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई।

14 मई को 15 मिनट के लिए थमेगी रोशनी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 14 मई को संध्या 7:00 बजे से लेकर 7:15 बजे तक पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट का अभ्यास किया जाएगा। इस 15 मिनट की अवधि में जिले के नागरिकों को हवाई हमले से बचाव के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को आपातकालीन स्थिति में जागरूक और सुरक्षित रखना है।

सायरन बजते ही बंद करनी होगी बिजली

मॉकड्रिल के दौरान सुरक्षा सायरन बजाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि सायरन रुक-रुक कर बजता है, तो इसका अर्थ है कि हवाई हमले का खतरा बना हुआ है। सायरन सुनते ही सभी नागरिकों को अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें, जनरेटर, इन्वर्टर और वाहनों की हेडलाइट बंद करनी होगी। खिड़की-दरवाजों को मोटे पर्दों से ढंकना होगा ताकि बाहर जरा भी रोशनी न दिखे।

सावधानी और सूचना तंत्र

प्रशासन ने अपील की है कि इस दौरान खुले में मोबाइल टॉर्च या रोशनी का प्रयोग न करें। किसी भी संभावित खतरे या बम विस्फोट की स्थिति में घबराने के बजाय असुरक्षित भवनों से बाहर निकलें। आपातकालीन सूचना के लिए जिला प्रशासन ने निम्नलिखित कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं:

जिला कंट्रोल रूम: 06452-239026, 239025, 242400

नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम: 06452-230501

जिलाधिकारी की अपील

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के तमाम नागरिकों से इस मॉकड्रिल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास हमारी व्यक्तिगत और सामूहिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे गंभीरता से लेकर नागरिक सुरक्षा के नियमों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story