एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से होगी जांच, सीवान मंडल कारा में टीबी स्क्रीनिंग अभियान शुरू
सीवान, 22 जुलाई (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार से सीवान मंडल कारा में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बंदियों की स्वास्थ्य जांच शुरू की गई। शिविर का शुभारंभ जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार एवं जेल अधीक्षक देवाशीष कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के दौरान मंडल कारा में निरुद्ध एक हजार से अधिक बंदियों की चरणबद्ध तरीके से स्क्रीनिंग की जाएगी।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार ने बताया कि शिविर में टीबी के अलावा एचआईवी, हेपेटाइटिस और सिफलिस जैसी गंभीर बीमारियों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कम समय में सटीक स्क्रीनिंग संभव हो रही है। उन्होंने बताया कि जिन बंदियों के एक्स-रे में टीबी के लक्षण दिखाई देंगे, उनके स्प्यूटम की जांच सीबी-नैट से कराई जाएगी। वहीं जिनमें एक्स-रे सामान्य रहेगा, उनके नमूनों की जांच ओपन आरटी-पीसीआर तकनीक से की जाएगी। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य बिना लक्षण वाले संभावित टीबी मरीजों की भी समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है।
डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मंडल कारा के बाद जिले के 357 हाई रिस्क गांवों में भी विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 तक 3,43,763 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रतिदिन 8,814 लोगों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और व्यापक स्क्रीनिंग के माध्यम से जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा। स्वास्थ्य शिविर में शैलेंदु कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक दीपक कुमार, रामसागर राम, विभूति भूषण, ओम प्रकाश एवं शोभा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं मंडल कारा के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

