अगवान तूफान के आंशिक प्रभाव को लेकर कृषि विभाग की एडवाइजरी: गेहूँ व मक्का की फसल बचाने के लिए खेतों से तुरंत करें जल निकासी

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में 'अगवान' तूफान के आंशिक प्रभाव से तेज हवा चलने और संभावित बारिश की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने रबी की प्रमुख फसलों—गेहूँ और मक्का की सुरक्षा के लिए विशेष तकनीकी एडवाइजरी जारी की है।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि खेतों में अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें और फसल की अवस्था के अनुरूप वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन खेतों में मक्का की फसल अभी 3 से 4 पत्ती की अवस्था में है, वहां पौधे छोटे व लचीले होने के कारण सामान्य तेज हवा से गंभीर नुकसान की आशंका बेहद कम है।

विभाग द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, गेहूँ की 0–25 दिन की फसल (अंकुरण अवस्था) में जलजमाव होने से बीज व नवांकुर सड़ सकते हैं, इसलिए सतही जल निकासी के लिए नालियां बनाएं और अत्यधिक नमी में खेत में आवागमन न करें। 25–45 दिन की फसल (कल्ला निकलने की अवस्था) में सिंचाई स्थगित रखें और अतिरिक्त पानी निकलने के बाद ही नाइट्रोजन की टॉप ड्रेसिंग करें। वहीं, बालियां निकलने या दाना भरने की अवस्था में यदि फसल हवा से गिर जाए, तो उसे जबरन सीधा करने का प्रयास न करें।

मक्का की फसल के संबंध में सलाह दी गई है कि 15–30 दिन व घुटने की ऊंचाई तक की फसल में जलजमाव न होने दें और नमी सामान्य होने पर जड़ों के पास हल्की मिट्टी चढ़ाएं (अर्थिंग अप), ताकि पौधों को सहारा मिल सके। नर मंजरी एवं मादा पुष्पन अवस्था वाली मक्का सबसे संवेदनशील होती है, इसलिए वहां त्वरित जल निकासी बेहद जरूरी है। किसानों को सख्त हिदायत दी गई है कि तेज हवा व बारिश के दौरान यूरिया या अन्य उर्वरकों का भुरकाव न करें, बिना रोग की पहचान के कीटनाशक न छिड़कें और नमी युक्त खेत में भारी कृषि यंत्र या ट्रैक्टर न चलाएं। साथ ही सभी बीएओ, कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को क्षेत्र में भ्रमण कर फसल क्षति का आकलन करने व प्रभावित खेतों की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780750 Articles

Share this story