जलवायु अनुकूल कृषि से किसानों को मिलेगा लाभ:विजय कुमार सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
जलवायु अनुकूल कृषि से किसानों को मिलेगा लाभ:विजय कुमार सिन्हा


जलवायु अनुकूल कृषि से किसानों को मिलेगा लाभ:विजय कुमार सिन्हा


पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से बिहार में चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम (सीआरए) के कार्यान्वयन को गति दी जा रही है।

कृषि मंत्री ने बुधवार काे बयान जारी कर कहा कि बाढ़, सुखाड़, अल्पवृष्टि और तापमान में अप्रत्याशित बदलाव कृषि क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती हैं। ऐसे में आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर खेती को जलवायु अनुकूल बनाना आवश्यक है। यह कार्यक्रम उत्पादन लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य के 24 जिलों में जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक जिले में 5 प्राथमिक गांवों का चयन होगा, जिससे कुल 120 प्राथमिक गांव चिह्नित किए जाएंगे। प्रत्येक प्राथमिक गांव के निकटवर्ती 9 द्वितीयक गांवों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इस प्रकार कुल 1,200 गांवों में जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि कृषि को अधिक टिकाऊ बनाया जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1,405.51 लाख रुपए (लगभग 14.06 करोड़ रुपए ) की राशि की निकासी एवं व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है।

उन्हाेंने कहा कि यह कार्यक्रम हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प, किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के विजन के अनुरूप है। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देकर खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी एवं जलवायु अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के तहत रबी एवं गरमा मौसम में कुल 27,600 एकड़ में विभिन्न फसलों की खेती का प्रत्यक्षण किया जाएगा। रबी मौसम में 18,000 एकड़ में जीरो टिलेज तकनीक से गेहूं, चना एवं मसूर तथा रेज्ड बेड तकनीक से मक्का, सरसों, अलसी, मसालों और सब्जियों की खेती होगी। वहीं, गरमा मौसम में 9,600 एकड़ में मक्का, मूंग, उड़द, मोटे अनाज, सूरजमुखी, तिल, हरी खाद के लिए ढैंचा एवं सब्जियों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए लीफ कलर चार्ट और नियमित मृदा परीक्षण को प्रोत्साहित किया जाएगा।

श्री सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत सभी 24 चयनित जिलों में 30-30 एकड़ क्षेत्र में सीड हब स्थापित किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 720 एकड़ में बीज उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। योजना के प्रावधानों के अनुसार, बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड उत्पादित बीजों की खरीद किसानों से सीधे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से 30 प्रतिशत अधिक दर पर करेगा। इससे गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों को अपनी उपज की बिक्री में सहायता मिलेगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत विभिन्न कृषि योजनाओं को आपस में जोड़कर कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत चयनित गांवों में कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित होंगे। सरसों उत्पादक क्षेत्रों में प्रति गांव 10 बी-बॉक्स के माध्यम से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, 25 एकड़ में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई तथा 10 वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इससे जल संरक्षण, कृषि संसाधनों की उपलब्धता और जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story