कटिहार कृषि कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक दर्ज होंगी किसानों की शिकायतें
कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं कृषि इनपुट की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कृषि कार्यालय, कटिहार में एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की गई है। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन दूरभाष संख्या 06452-239511 जारी की है, जिस पर संपर्क कर किसान अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं।
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से किसान बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की उपलब्धता में कमी, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, जबरन अन्य कृषि उत्पादों की टैगिंग (जबरिया बिक्री) तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं में आ रही दिक्कतों से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के माध्यम से जांच कराई जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह नियंत्रण कक्ष मिरचाईबाड़ी स्थित संयुक्त कृषि भवन (टीवी टावर रोड) कार्यालय परिसर में पूर्वाहन 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित रहेगा। इस दौरान प्रतिनियुक्त कर्मी किसानों की कॉल दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने जिले के किसानों से अपील की है कि कृषि विभाग से जुड़ी किसी भी समस्या, अनियमितता या कालाबाजारी की स्थिति में बिना झिझक नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। विभाग द्वारा किसानों की सभी समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

