मखाना प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से बढ़ेगी किसानों की आय, 86 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिल रही सब्सिडी

WhatsApp Channel Join Now
मखाना प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से बढ़ेगी किसानों की आय, 86 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिल रही सब्सिडी


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, नवीन तकनीकों और सरकारी अनुदान योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। 26 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार तथा उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) प्रमोद कुमार ने दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के सामूहिक गायन तथा फीता काटकर किया। इस अवसर पर डंडखोरा के रवि कुमार व मनिहारी के शिव नारायण मंडल को कस्टम हायरिंग सेंटर तथा अमदाबाद के रघुनाथपुर कृषक हित समूह को फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना हेतु चाबी सौंपी गई।

मेले में मखाना पॉपिंग मशीन, लेजर लैंड लेवलर और मल्टी क्रॉप प्लांटर किसानों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहे। स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने किसानों को मखाना पॉपिंग मशीन की कार्यप्रणाली व उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि मखाना उत्पादन के साथ-साथ उसके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) पर ध्यान देने से किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए आय के नए द्वार खुलेंगे। वहीं, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल और जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने आधुनिक यंत्रों को खेती की लागत घटाने और उत्पादकता बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं के तहत कुल 86 प्रकार के कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों व आधुनिक मशीनों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया। मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 300 किसानों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण व रसायन), कटिहार, मनिहारी व बारसोई के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) सहित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी व कृषि कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story