मखाना, जूट और आधुनिक तकनीक का संगम: कटिहार में 19 नवंबर से दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से आगामी 19 एवं 20 नवंबर को जिला स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। संयुक्त कृषि भवन परिसर, मिर्चाईबाड़ी में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय मेले का उद्घाटन 19 नवंबर को पूर्वाह्न 11:00 बजे जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी करेंगे। इस दौरान डीएम प्रगतिशील किसानों के बीच नवाचार के प्रतीक 'ब्रिजाटो' और 'पोमैटो' के पौधों का भी वितरण करेंगे।

कृषि विभाग, बिहार सरकार एवं आत्मा, कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में आधुनिक खेती के विभिन्न आयाम देखने को मिलेंगे। प्रदर्शनी में कटिहार की विशिष्ट पहचान मखाना के अलावा जूट, शहद, मिलेट्स (श्री अन्न), ड्रेगन फ्रूट, अज़ोला तथा संकर धान व मक्का की उन्नत किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की लाइव जानकारी दी जाएगी।

मेले में किसान उत्पादक संगठनों, कृषि उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके माध्यम से कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

आयोजन स्थल पर कृषि विशेषज्ञ और विभागीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिनसे किसान सीधा संवाद कर अपनी खेती से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा, राजीव कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और रोजगारपरक बनाना है। उन्होंने जिले के सभी किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस दो दिवसीय मेले में पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करें और कृषि विभाग की योजनाओं व नई तकनीकों का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story