अग्निवीर भर्ती : एक जून से 15 जून तक पटना व आरा में ऑनलाइन होगा कॉमन एंट्रेंस टेस्ट

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 15 मई (हि.स.)। अग्निवीर भर्ती के लिए आर्मी भर्ती कार्यालय की ओर से ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तिथि की घोषणा कर दी गयी है। आर्मी भर्ती कार्यालय दानापुर के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 01 से 15 जून तक पटना एवं आरा में आयोजित किया जायेगा।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए दोनों शहरों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न कैटेगरी का एडमिट कार्ड आर्मी भर्ती कार्यालय की ओर से जारी किया जायेगा। अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र एवं अन्य आवश्यक जानकारी आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

इस भर्ती के तहत विभिन्न पदों के लिए 47958 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर जीडी, सोल्जर टेक्निकल, सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, ट्रेड्समैन, क्लर्क एवं स्टोर कीपर टेक्निकल केटेगरी के लिए कुल 47958 अभ्यर्थी इस ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में शामिल होंगे। अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक स्थानीय आर्मी भर्ती कार्यालय का विजिट कर आवश्यक जानकारी हासिल कर सकते हैं।

आर्मी भर्ती कार्यालय की ओर से यह जानकारी देते हुए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने बताया कि ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देश एवं परीक्षा कार्यक्रम का पालन करना जरूरी है।

एक से 15 जून तक आयोजित होने वाले कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) दानापुर के अंतर्गत सात जिलों के पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिन जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे उनमें पटना, बक्सर, गोपालगंज, वैशाली, भोजपुर, सीवान एवं सारण शामिल हैं।

उन्हाेंने कहा कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के रिपोर्टिंग दिशा -निर्देश एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध करा दी गयी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गयी है कि वे अपने लोकेशन के विवरण, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी एवं व्यक्तिगत दस्तावेज अद्यतन रखें। विभिन्न श्रेणियों की ऑनलाइन परीक्षाएं अलग-अलग आयोजित की जायेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story