दो मासूम बेटों को जहर देने के बाद मां ने भी खाया कीटनाशक

WhatsApp Channel Join Now
दो मासूम बेटों को जहर देने के बाद मां ने भी खाया कीटनाशक


किशनगंज, 20 सितंबर (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के पठान टोला, बुढ़ीमारी गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला द्वारा अपने दो मासूम बेटों को कथित रूप से जहर पिलाने और इसके बाद खुद भी कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। तीनों को गंभीर हालत में परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल किशनगंज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुढ़ीमारी गांव निवासी 22 वर्षीय फरहत जान, पति जाकिर, का किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद महिला ने अपने 10 वर्षीय पुत्र फैजान और सात वर्षीय पुत्र फैजल को जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद भी कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का उपचार शुरू किया।चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद दोनों बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वहीं महिला फरहत जान की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के वास्तविक कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार किया है।

गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story