बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन सख्त, डीएम ने कहा- किशनगंज में अब नहीं होगा बाल विवाह

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन सख्त, डीएम ने कहा- किशनगंज में अब नहीं होगा बाल विवाह


किशनगंज, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए किशनगंज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शहर के खेल भवन में एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में बाल विवाह किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग देने अथवा उसे बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। बाल विवाह मुक्त किशनगंज बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि बाल विवाह रोकने के लिए आगे आएं, ताकि हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों के अनुसार जीवन जीने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह डब्ल्यूसीडीसी की नोडल पदाधिकारी बंदना पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देना होगा। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और बाल विवाह की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बाल विवाह के सामाजिक, कानूनी, प्रशासनिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। जन निर्गम केंद्र के जिला समन्वयक मो. मुजाहिद आलम ने बाल विवाह निषेध कानून, दोषियों की कानूनी जवाबदेही और पीड़ित बच्चों के अधिकारों के बारे में बताया। इस दौरान सीडीपीओ रेखा, हर्ष हिमांशु, नागेंद्र कुमार, जिला मिशन समन्वयक मो. शाहबाज आलम, सुशील कुमार झा, रोशनी परवीन, प्रीति सिंह और पैनल अधिवक्ता संगीता मानव सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। जिले के सभी प्रखंडों से आई महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं एएनएम ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, पीड़ित बालिकाओं के संरक्षण और जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784036 Articles

Share this story