छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, घाटों पर महिला सुरक्षा व सुविधाओं के विशेष इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, घाटों पर महिला सुरक्षा व सुविधाओं के विशेष इंतजाम


भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। छठ घाटों की तैयारियों को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख व ग्रामीण छठ घाटों पर युद्धस्तर पर साफ-सफाई, गहरे पानी से बचाव के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन स्थानीय छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम कर रहा है।

छठ पर्व में महिला व्रतियों की सर्वाधिक भागीदारी को देखते हुए डीएम ने उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए तीन प्रमुख व्यवस्थाओं की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि घाटों पर महिला व्रतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस बल की विशेष प्रतिनियुक्ति की जा रही है। इसके साथ ही विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। अर्घ्य के दौरान महिला व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर अलग से चेंजिंग रूम और अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। सभी घाटों और उनके पहुंच पथों पर समुचित लाइटिंग की जा रही है, ताकि अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुरक्षा महसूस न हो। डीएम ने भरोसा दिलाया कि पूरा प्रशासनिक अमला मुस्तैद है और पूजा समितियों और आमजन के सहयोग से इस वर्ष भी छठ महापर्व पूरी श्रद्धा और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story