अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 59 वाहनों पर 1.51 करोड़ का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 59 वाहनों पर 1.51 करोड़ का जुर्माना


किशनगंज, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अक्टूबर माह में खनन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एक महीने के दौरान जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी और जांच अभियान चलाकर कुल 59 बड़े एवं छोटे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

गुरुवार को प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध खनन और खनिजों के नियम विरुद्ध परिवहन के मामलों में केवल आर्थिक दंड ही नहीं लगाया गया, बल्कि संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है। इस दौरान कुल 12 प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, बिना वैध चालान के परिवहन और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों पर प्रशासन की विशेष नजर है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। अक्टूबर महीने में 59 वाहनों पर 1.51 करोड़ रुपये का जुर्माना और नौ गिरफ्तारियां इस बात का संकेत हैं कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन अब सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story