किशनगंज में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का प्रहार, 4 ट्रैक्टर जब्त, 4.50 लाख का जुर्माना
किशनगंज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशानुसार शुक्रवार को खनन विभाग और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान सालकी के पास अवैध बालू लदे चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों पर कुल 4.50 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।साथ ही मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध बालू लदे वाहनों को चिह्नित कर जब्त किया। अधिकारियों की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनन नियमों का उल्लंघन कर बालू का उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने तथा नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ जब्ती, जुर्माना और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि जिले में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई और तेज की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

