सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और सिटी एसपी ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और सिटी एसपी ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा


भागलपुर, 30 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर डीएम और सिटी एसपी ने शनिवार को नाथनगर स्थित पूरणमल शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहां दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शामिल होंगे, जबकि समापन सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहुंचने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच, प्रवेश और निकास मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने बताया कि पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत भागलपुर जिला का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार अंग क्षेत्र आ रहे हैं, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और संगठनात्मक कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story