वरीय अधिवक्ता विंध्याचल राय बने अपर महाधिवक्ता, लोगों ने दी बधाई
बक्सर/डुमरांव, 12 सितंबर (हि.स.)। नगर के निशा नगर निवासी पटना उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता विंध्याचल राय को राज्य का अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है । उनकी नियुक्ति बिहार विधि पदाधिकारी नियमावली 2023 के प्रावधानों के तहत गठित चयन समिति की अनुशंसा के आलोक में उच्च न्यायालय पटना में सरकारी मुकदमों के संचालनार्थ विधि पदाधिकारियों की कोटि में अपर महाधिवक्ता के पद पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन द्वारा की गई है ।
इसकी जानकारी मिलते ही डुमरांव नगर सहित उनके गृह विधानसभा क्षेत्र ब्रह्मपुर में खुशियों की लहर दौड़ गई । वहीं उनके शुभचितंको एवं समर्थकों ने आपस में मिठाई बांटकर जमीन से जुड़े श्री राय के अपर महाधिवक्ता बनने की खुशियां मनाई ।
विदित हो की वरीय अधिवक्ता विंध्याचल राय डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत ब्रह्मपुर प्रखंड के जवही जगदीशपुर गांव के मूल निवासी हैं । जिन्होंने अपनी मेहनत व समर्पण के बल वकालत पेशे की शुरुआत अपने गृह जिले बक्सर से कर राज्य के वरीय अधिवक्ताओं में अपना नाम दर्ज कराया । संप्रति वे अभी भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी हैं ।
छात्र जीवन से सामाजिक सरोकार व राष्ट्रवादी छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े रहे विंध्याचल राय को राज्य के अपर महाधिवक्ता बनाए जाने पर विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक दल से जुड़े हुए लोगों ने बधाई दी है ।
बधाई देने वालों में स्थानीय विधायक व जदयू विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राहुल कुमार सिंह, युवराज शिवांग विजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन, मानवाधिकार संरक्षण प्रतिष्ठान के जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह, शिक्षाविद डा. रमेश सिंह, समाजसेवी राजीव रंजन सिंह, भाजयुमो नेता व पूर्व वार्ड पार्षद सोनू राय, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष निहार रंजन, सुनील सिद्धार्थ, अजय प्रताप सिंह, नप के पूर्व उप चेयरमैन चुनमुन प्रसाद वर्मा, भाजपा जिला प्रवक्ता शक्ति राय, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार कुंवर, डुमरांव अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ओमदेव सिंह, सचिव पृथ्वीनाथ शर्मा, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चंदन सिंह, विशेष लोक अभियोजक अरविंद चौबे, अधिवक्ता मनोज श्रीवास्तव, अधिवक्ता तेज प्रताप सिंह छोटे, मो. इजहार सहित अन्य शामिल हैं ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

