जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सामान्य: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था सामान्य: डीएम


किशनगंज, 23 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा वर्तमान में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान स्थिति में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक 10,673 से अधिक है। गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था पूर्व की तरह सुचारू रूप से चालू है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जा रहा है। डीएम ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग कर सकते हैं। कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी की जा रही है और शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 है। एलपीजी गैस से संबंधित आज कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समय पर निष्पादन कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story