किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 9,623 से अधिक सिलेंडर स्टॉक में, आपूर्ति सामान्य

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 27 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक 9,623 से अधिक है।

साथ ही गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी पूर्व की भांति सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे घर बैठे बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित आज कुल एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका समय पर निष्पादन कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story