सूखे नशे की लत: भागलपुर में दिनदहाड़े ग्रिल उखाड़ ले गया चोर

WhatsApp Channel Join Now
सूखे नशे की लत: भागलपुर में दिनदहाड़े ग्रिल उखाड़ ले गया चोर


भागलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। युवा वर्ग में तेजी से पैर पसार रहे सूखे नशे की लत क्या-क्या न करवाए। बिहार के भागलपुर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नशे की तलब को पूरा करने के लिए एक युवक बिना किसी डर के दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वायरल वीडियो भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विक्रमशिला कॉलोनी का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक युवक बेखौफ होकर दिनदहाड़े एक घर का लोहे का ग्रिल उखाड़कर अपने साथ ले जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की इस करतूत को अंजाम देने वाला युवक कॉलोनी के ही पड़ोस के रामसर का रहने वाला है। उसकी पहचान बिजली मिस्त्री दल्लू के बेटे के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह गंभीर रूप से सूखे नशे का आदी है और अपनी इसी लत के लिए पैसों का इंतजाम करने के लिए छोटी-बड़ी चोरियां करता है। हैरानी की बात यह है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल के दिनों में भी वह कई अन्य जगहों पर चोरी करते हुए स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ चुका है, जहां भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई भी की थी। इसके बावजूद उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं आया है।

दिनदहाड़े बेखौफ होकर ग्रिल उखाड़ने का यह ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है। अब देखना यह शेष रह गया है कि इस पुख्ता वीडियो साक्ष्य के सामने आने के बाद तातारपुर थाना पुलिस इस पर क्या कड़ा संज्ञान लेती है और आरोपी की गिरफ्तारी कब तक सुनिश्चित हो पाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story