बहू-बेटियों के अपमान पर सरकार सख्त, आपत्तिजनक गीत के खिलाफ होगी कार्रवाई : डॉ. प्रमोद कुमार

WhatsApp Channel Join Now
बहू-बेटियों के अपमान पर सरकार सख्त, आपत्तिजनक गीत के खिलाफ होगी कार्रवाई : डॉ. प्रमोद कुमार


बहू-बेटियों के अपमान पर सरकार सख्त, आपत्तिजनक गीत के खिलाफ होगी कार्रवाई : डॉ. प्रमोद कुमार


पटना, 28 सितंबर (हि.स.)। बहू-बेटियों के प्रति आपत्तिजनक एवं कथित रूप से अपमानजनक गीत को लेकर सोमवार को नाई समाज की ओर से ज्ञापन सौंपकर संबंधित गाने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने तथा गायक के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

इस संबंध में बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि कला और संस्कृति के नाम पर अश्लीलता, फूहड़ता, आपत्तिजनक भाषा तथा जातिसूचक गीतों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी संभालने के पहले ही दिन हमने स्पष्ट कर दिया था कि लोकगीत एवं लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा को बनाए रखते हुए ऐसे किसी भी कृत्य को संरक्षण नहीं दिया जाएगा, जो समाज की गरिमा और सामाजिक समरसता को ठेस पहुंचाता हो।

मंत्री ने कहा कि इस मामले के संज्ञान में आते ही आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित विषय में नियमानुसार हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बहू-बेटियों के सम्मान और सामाजिक मर्यादा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार महिला सम्मान, सामाजिक समरसता और सभ्य सांस्कृतिक वातावरण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी अथवा कृत्य करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध लोककला और लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इनके संरक्षण के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इनके नाम पर अश्लीलता, फूहड़ता अथवा समाज में वैमनस्य पैदा करने वाली सामग्री को बढ़ावा न मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story