कार्रवाई और पुरस्कार दोनों साथ-साथ, किशनगंज पुलिस में नई पहल

WhatsApp Channel Join Now
कार्रवाई और पुरस्कार दोनों साथ-साथ, किशनगंज पुलिस में नई पहल


किशनगंज, 09 मई (हि.स.)। जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त रुख अपनाया है।

पिछले तीन महीनों के दौरान गलत आचरण और कर्तव्यहीनता के आरोप में कुल 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। वहीं 38 पुलिसकर्मियों का वेतन रोका गया है तथा 9 अन्य कर्मियों को विभागीय दंड दिया गया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में चार थानाध्यक्ष, एक परिचारी, तीन पुलिस अवर निरीक्षक, दो सिपाही और दो चौकीदार शामिल हैं।

इन सभी पर वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना, कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता, मनमाने रवैये और कर्तव्य के प्रति उदासीनता जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

इधर, बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भी सम्मानित किया गया है।एसपी ने पिछले तीन माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 194 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया है।

इनमें कांडों के निष्पादन, कार्यालय कार्य, सुपर पेट्रोलिंग, विधि-व्यवस्था संधारण और छापेमारी अभियान में सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस निरीक्षक से लेकर गृह रक्षक तक शामिल हैं।

पुरस्कृत कर्मियों को कुल 1 लाख 21 हजार 650 रुपये की पुरस्कार राशि एवं 103 सुसेवांक प्रदान किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी की किसी अनुचित गतिविधि में संलिप्तता से संबंधित ऑडियो, वीडियो अथवा अन्य साक्ष्य उपलब्ध हो तो उसकी सूचना प्रमाण सहित एसपी कार्यालय को दें।

उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story