ग्राम श्री मेला में बुनकरों, हथकरघा कारीगरों के निर्मित उत्पादों की बढ़ी मांग

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम श्री मेला में बुनकरों, हथकरघा कारीगरों के निर्मित उत्पादों की बढ़ी मांग


नालंदा, बिहारशरीफ 27 नवंबर (हि.स.)।राजगीर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित 'ग्रामश्री मेला' का विधिवत उद्घाटन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री एवं गणमान्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में आज किया गया।यह मेला महोत्सव में आने वाले आगंतुकों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। मेले में न केवल विभिन्न प्रकार के फूड कोर्ट और लजीज खान-पान की सामग्री उपलब्ध है, बल्कि स्थानीय बुनकरों, हस्तशिल्पियों और कुटीर उद्योगों से जुड़े कारीगरों के उत्पादों को भी एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है।

ग्रामश्री मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय बुनकरों, हथकरघा कारीगरों और क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। यह मेला एक ही स्थान पर 'प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र' के रूप में कार्य कर रहा है। यहाँ हस्तकरघा (हैंडलूम) और हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) से निर्मित उत्कृष्ट वस्तुओं के साथ-साथ बच्चों के आकर्षक खिलौनों और अन्य पारंपरिक उत्पादों की जमकर बिक्री हो रही है।

मेले में 'जीविका' से जुड़ी महिलाओं की सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय है। जीविका दीदियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की ओर बढ़ते बिहार की स्पष्ट झलक यहाँ देखने को मिल रही है। इन महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए खाद्य पदार्थों से लेकर पहनने योग्य वस्त्र, शॉल और घर की साज-सज्जा के आकर्षक सामानों की खरीदारी के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मेले में उमड़ रही भारी भीड़ न केवल इन पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी कर रही है, बल्कि अपने क्षेत्र विशेष की कला, बुनाई और कारीगरी की बारीकियों से भी रूबरू हो रही है। यह आयोजन स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ आम नागरिकों को अपनी समृद्ध विरासत और क्षेत्रीय विशिष्टताओं से जोड़ने का एक अत्यंत सफल माध्यम साबित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story