सांस्कृतिक संध्या संगीत और नृत्य के आकर्षक संगम से सराबोर होगी राजगीर महोत्सव
Bihar, 23 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में आयोजित तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव 2026 में सांस्कृतिक संध्या संगीत और नृत्य के आकर्षक संगम से सराबोर होगी।
28 नवंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकप्रिय गायिका रिया भट्टाचार्य तथा देश के चर्चित डांस ग्रुप एमजे-5 अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस संध्या का प्रमुख आकर्षण रहेंगी गायिका रिया भट्टाचार्य जो अपनी गायन प्रतिभा और सुरीली आवाज के लिए पहचानी जाती है जो अपनी संगीतमय प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। उनकी प्रस्तुति में सुर, संगीत और मनोरंजन का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
वहीं, मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान और ऊर्जावान नृत्य शैली के लिए चर्चित एमजे-5 डांस ग्रुप भी दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस समूह ने अपने बेहतरीन तालमेल, आधुनिक नृत्य शैली और विशिष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभर में पहचान बनाई है। समूह की प्रस्तुतियों में पॉपिंग, लॉकिंग, मूनवॉक और विभिन्न आधुनिक नृत्य शैलियों का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति और शानदार स्टेज परफॉर्मेंस दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि राजगीर महोत्सव 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला, संगीत और पर्यटन को व्यापक पहचान देने का प्रयास किय गया है। वहीं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए महोत्सव देश की विविध कलात्मक विधाओं को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों, पर्यटकों एवं संगीत प्रेमियों से अपील की गई है कि वे राजगीर महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की प्रस्तुति पर आनंद लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

