प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों का किया गया भौतिक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिमा विसर्जन के लिए घाटों का किया गया भौतिक निरीक्षण


नालंदा, बिहारशरीफ 18 अक्टूबर (हि.स.)।दुर्गा पूजा के उपरांत प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न प्रतिमा विसर्जन घाटों का भौतिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के क्रम में मोरा तालाब विसर्जन स्थल, मनीराम अखाड़ा घाट तथा कोसुत नदी स्थित घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया तथा जहां भी कमी पाई गई, वहां आवश्यक सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पानी की गहराई एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित इंतजामों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान घाटों पर मौजूद स्थानीय लोगों से पिछले वर्षों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सामने आई चुनौतियों, विसर्जित की जाने वाली प्रतिमाओं की संभावित संख्या तथा श्रद्धालुओं की भीड़ के संबंध में जानकारी ली गई।

विसर्जन की तिथियों एवं समय तथा शाम के समय प्रकाश की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, सुगम आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान घाटों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विभिन्न त्योहारों में उनके महत्व तथा आसपास स्थित मंदिरों एवं उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के बारे में भी जानकारी ली गई।

स्थानीय लोगों से संवाद कर घाटों से संबंधित परंपराओं और प्रतिमा विसर्जन की प्रचलित व्यवस्था को समझा गया।

संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पर्याप्त बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता तथा विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित करना है, ताकि विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763055 Articles

Share this story