नालंदा में लगे जॉब कैम्प में 101 युवाओं में से 30 का हुआ चयन
नालंदा, बिहारशरीफ 14 अक्टूबर (हि.स.)।युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज बुधवार को जिला नियोजनालय, नालंदा के तत्वावधान में एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया गया।
संयुक्त श्रम भवन, प्रखंड परिसर, बिहारशरीफ में आयोजित इस जॉब कैम्प में निजी क्षेत्र की नियोजक कंपनी ने भाग लिया।जॉब कैम्प में रोजगार प्राप्त करने के उद्देश्य से कुल 101 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 30 युवाओं का चयन किया गया। इस पहल से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला।
जिला नियोजनालय, नालंदा की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा उन्हें निजी क्षेत्र में नियोजित करने के उद्देश्य से समय-समय पर जॉब कैम्प का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

