निबंधन एवं परामर्श केंद्र द्वारा जागरूकता कार्यक्रम में 150 छात्र-छात्राओं को दी गई योजनाओं की जानकारी
नालंदा, बिहारशरीफ 12 सितंबर (हि.स.)। नालंदा जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, नालंदा द्वारा एरिस्टोटल वायरोलॉजी धनेश्वर घाट, बिहारशरीफ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 156 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मृत्युंजय कुमार, सहायक प्रबंधक (योजना) द्वारा छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस क्रम में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के उद्देश्य, पात्रता, मिलने वाले लाभ तथा आवेदन की प्रक्रिया के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक सहयोग एवं अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही, पात्र युवाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा योजनाओं से संबंधित विभिन्न जानकारीयाँ प्राप्त की गईं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशांत कुमार, सिंगल विंडो ऑपरेटर, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, नालंदा द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

