नालंदा जिले में पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित
नालंदा, बिहारशरीफ 06 सितंबर (हि.स.)।बिहार पुलिस एसोसिएशन शाखा नालंदा के पदाधिकारियों का निर्वाचन रविवार को निर्विरोध संपन्न हुआ। नामांकन वापसी के लिए दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक समय तय था, लेकिन सभी पदों पर सिर्फ एक-एक उम्मीदवार के नामांकन के कारण चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अध्यक्ष पद पर पीर बिगहा थाना के दारोगा ब्रजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष पर पप्पू कुमार, मंत्री पर मुकेश पासवान, कोषाध्यक्ष पर दयानंद मंडल और संयुक्त सचिव पद पर सदानंद कुमार चुने गए। निर्वाचन शांतिपूर्ण रहा। परिणाम की घोषणा के बाद संगठन से जुड़े पुलिसकर्मियों में उत्साह दिखा और सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।पदभार संभालने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पुलिसकर्मियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनका समाधान कराना होगा।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं।कार्यस्थल की सुविधाओं, सुरक्षा और हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक पहल की जाएगी।पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से एकजुटता और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय से ही संगठन मजबूत होगा और पुलिसकर्मियों के हित सुरक्षित रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

